सम्भल ब्रेकिंग- हत्या के आरोपित ने पहले पत्नी को फिर खुद को गोली से उड़ाया
सम्भल ब्रेकिंग न्यूज़
सम्भल (उत्तर प्रदेश) :- चन्दौसी में खाद विक्रेता से लूट के बाद उसकी हत्या करने वाले आरोपित ने शनिवार को सुबह ससुराल में पहुंचकर पहले पत्नी को गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके बाद खुद को गोली मार ली। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। एक आरोपित ने पहले ही जहर खा लिया था। उसका उपचार मेरठ में चल रहा है।
नगर के मुहल्ला गणेश कालोनी निवासी रामौतार शर्मा 30 जुलाई की शाम बेटे विशाल के साथ बिचेटा चौराहा स्थित खाद की दुकान से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह जारई गांव के पास पहुंचे तो बाइक सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया था और लूट के बाद रामौतार शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। दो अगस्त को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद महेंद्र सिंह निवासी तर्क परौली थाना फैजगंज बेहटा, संतोष मौर्य निवासी खेड़ा दास थाना फैजगंज बेहटा जनपद बंदायू को गिरफ्तार कर लिया गया था। जबकि जितेंद्र यादव, निवासी बेरनी थाना कुढ़फतेहगढ़, भूप सिंह, नीरज यादव निवासी बझेडा थाना फैजगंज बेहटा बंदायू फरार चल रहे थे। इन्हें पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही थी। इसी दौरान तीन अगस्त को आरोपित जितेंद्र ने जहर खा लिया था। इसका उपचार मेरठ में चल रहा है। शनिवार को सुबह पांच बजे चौथा आरोपित भूप सिंह निवासी बझेड़ा थाना फैजगंज बेहटा जनपद बदायूं कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बाबेपुर स्थित अपनी ससुराल में पहुंचा। छत पर सो रही पत्नी गीता को उठाया और खाना देने की बात कही। इसी बीच पत्न्नी ने कुछ देर बाद खाने देने को कहा तो तमंचा निकालकर गोली मार दी। गोली सीने में लगी है। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बाद में खुद को भी गोली मार ली। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक रकम सिंह ने घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भेजा।

Comments
Post a Comment